पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत राज्यभर में एक बार फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई की। अभियान के 187वें दिन गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस का उद्देश्य संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कसना है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राज्यभर में 532 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 353 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 3 घोषित भगोड़ों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) को भी पकड़ने में सफलता मिली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अवैध हथियार भी बरामद किया।
पंजाब पुलिस ने बताया कि इस विशेष अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 53,248 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि लगातार चल रहे ऑपरेशन के कारण गैंगस्टर नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर या संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो उसकी सूचना गोपनीय रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर दी जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि जनता के सहयोग से संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा रहा है तथा राज्य में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
