चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMC&H) में लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए एक नया 283 बेड वाला ट्रॉमा और इमरजेंसी ब्लॉक तैयार किया गया है। इस अत्याधुनिक केंद्र का उद्घाटन शुक्रवार सुबह 10 बजे पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया।
राज्यपाल ने बताया बड़ी स्वास्थ्य सुविधा
उद्घाटन अवसर पर राज्यपाल कटारिया ने बताया कि यह नया ट्रॉमा सेंटर करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह सुविधा न सिर्फ GMC&H के मरीजों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि इससे PGI चंडीगढ़ पर भी दबाव कम होगा, जहां पहले गंभीर मामलों की अधिक भीड़ रहती थी।
समारोह में अधिकारी भी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव राजीव वर्मा और स्वास्थ्य सचिव अजय चगती समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। उन्होंने इस परियोजना को शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि इससे आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
पहले टल गया था उद्घाटन
गौरतलब है कि इस ट्रॉमा ब्लॉक का उद्घाटन पहले 28 जुलाई को होना तय था, लेकिन राज्यपाल की तबीयत खराब होने के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब, समय पर कार्य पूरा होने के बाद इसे जनता की सेवा में समर्पित कर दिया गया है।
बेहतर इलाज, कम समय में राहत
GMC&H प्रशासन का मानना है कि इस नए ट्रॉमा और इमरजेंसी ब्लॉक से गंभीर रूप से घायल और आपात मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। यह ब्लॉक आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित स्टाफ और आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
