पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के समय पंजाब के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की काफी कमी थी। उनके मुताबिक, कांग्रेस, अकाली दल (बादल) और BJP के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
हजारों स्कूलों में नहीं थीं जरूरी सुविधाएं
हरजोत बैंस के अनुसार, उस समय करीब 20 हजार स्कूलों में बाउंड्री वॉल नहीं थी। लगभग 5 हजार स्कूलों में इस्तेमाल करने लायक शौचालयों की कमी थी, जबकि 500 से ज्यादा स्कूलों में पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
उन्होंने बताया कि करीब 4 लाख बच्चे डेस्क और फर्नीचर की कमी के कारण जमीन पर बैठकर पढ़ते थे। स्कूलों में शिक्षकों की कमी के साथ किताबों की समय पर उपलब्धता और प्री-प्राइमरी बच्चों के लिए यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं भी चुनौती बनी हुई थीं।
स्कूलों में सुरक्षा और दूसरी सुविधाओं की कमी
मंत्री के मुताबिक, कई सरकारी स्कूलों में सिक्योरिटी गार्ड, कैंपस मैनेजर और विद्यार्थियों के लिए ट्रांसपोर्ट जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। इन कमियों को दूर करने के लिए सरकार की ओर से स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम शुरू किया गया।
99.9% स्कूलों में बाउंड्री वॉल का दावा
हरजोत बैंस ने कहा कि सरकार के प्रयासों के बाद अब 99.9 फीसदी स्कूलों में बाउंड्री वॉल बन चुकी हैं। सभी स्कूलों में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग कार्यशील शौचालय और पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराने का दावा भी किया गया है।
13,920 शौचालय और 2 लाख डेस्क
शिक्षा मंत्री के अनुसार, स्कूलों में 13,920 शौचालय बनाए गए हैं और करीब 2 लाख डेस्क उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अलावा विशेष जरूरत वाले बच्चों के लिए भी स्कूलों में अलग शौचालय बनाने का काम किया जा रहा है।
