पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने तख़्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक होकर सरबत के भले की अरदास की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए एक विशेष अवसर है और उन्हें अपने हिस्से की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
हेरिटेज स्ट्रीट का शिलान्यास
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली हेरिटेज स्ट्रीट का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना 55 सालों के बाद बनाई जा रही है और इसे आनंदपुर साहिब की अलौकिक सुंदरता को और बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। हेरिटेज स्ट्रीट को वाइट मार्बल से बनाया जाएगा और इसके छह प्रवेश द्वार पुराने विरासत से संबंधित होंगे। मुख्यमंत्री ने इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

वाईट सिटी का नया रूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि आनंदपुर साहिब को वाईट सिटी के नाम से जाना जाता है। हेरिटेज स्ट्रीट के निर्माण से न केवल शहर की ऐतिहासिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को भी नई ऊँचाई मिलेगी। इस स्ट्रीट पर पुराने समय से जुड़े प्रतीक और गेट ऐतिहासिक महत्व के प्रतीक होंगे।

प्राकृतिक आपदाओं में पंजाबियों का जज़्बा
हेरिटेज स्ट्रीट के उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में पंजाब में आई बाढ़ और हड़कंप का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही इन आपदाओं से नुकसान हुआ है, लेकिन पंजाबियों का जज़्बा और इरादे संकटों को भी छोटा कर देते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब हर संकट से बाहर निकलने की क्षमता रखता है और यहां के लोग कठिन समय में भी हिम्मत नहीं हारते।
