पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तख़्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक होकर सरबत के भले की अरदास की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर उनके लिए बहुत ही विशेष है और गुरु साहिब की सेवा में योगदान देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
हेरिटेज स्ट्रीट और भाई जैता जी संग्रहालय का उद्घाटन
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली हेरिटेज स्ट्रीट का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘रंगरूटे गुरु के बेटे’ भैया जैता जी के जीवन को समर्पित ‘भाई जैता जी अजायब घर’ का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अनमोल खजाना साबित होगा, जो उन्हें सिख इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शिक्षक दिवस पर 71 शिक्षकों को राज्य पुरस्कार
विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के 71 शिक्षकों को राज्य पुरस्कारों से सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षण कोई पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चे आज निजी स्कूलों को भी मात दे रहे हैं।

शिक्षकों के लिए विदेश प्रशिक्षण का ऐलान
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के कौशल और ज्ञान को बढ़ाने के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नवंबर में शिक्षकों का नया बैच विदेश में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। इस कदम से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थी आधुनिक तकनीकों से लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि माता-पिता और गुरुओं को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि धरती से संबंध कभी नहीं तोड़ना चाहिए, क्योंकि जो लोग धरती से अपने पैरों को हटाते हैं, उनका भविष्य असफल हो जाता है।
