पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीर क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह की शहादत को नमन करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा,
“”महान सूरवीर क्रांतिकारी योद्धा शहीद ऊधम सिंह जी की शहादत को कोटि-कोटि नमन। जालियांवाला बाग़ में हुए खौफनाक नरसंहार का बदला लेकर उन्होंने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी एक सच्चे देशभक्त की तरह निभाई। शहीद ऊधम सिंह जी की बहादुरी हमारी आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी।””
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधम सिंह जी का बलिदान न सिर्फ इतिहास की एक वीरगाथा है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति और साहस की मिसाल भी है।
पंजाब सरकार ने दी श्रद्धांजलि स्वरूप राज्य भर में अवकाश की घोषणा
मुख्यमंत्री मान ने शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर पूरे पंजाब राज्य में सरकारी छुट्टी की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह दिन हर पंजाबी के लिए गर्व और कृतज्ञता का दिन है, जब देश ने एक सच्चे सपूत को खोया, जिसने जालियांवाला बाग नरसंहार का बदला लेकर भारतीय स्वाभिमान को नई ऊंचाई दी।
शहीद ऊधम सिंह का बलिदान अमर रहेगा
भगवंत मान ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह ने जिस साहस के साथ माइकल ओ डायर की हत्या कर ब्रिटिश हुकूमत को जवाब दिया, वह इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उनकी बहादुरी और बलिदान सदा-सदा पंजाब और पूरे देश को प्रेरणा देते रहेंगे।
