पंजाब विधानसभा की पंचायती इकाइयों की समिति ने जालंधर, होशियारपुर और कपूरथला जिलों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनता तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अहम दिशा-निर्देश जारी किए। यह समीक्षा बैठक जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की विभिन्न योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
अवैध कब्जों पर सख्ती और NGO की भूमिका पर चर्चा
बैठक की अध्यक्षता विधायक प्रिंसिपल बुधराम ने की, जिसमें समिति के अन्य सदस्य विधायक अमोलक सिंह, गुरलाल घनौर, संतोष कुमारी कटारिया, सुखविंदर सिंह कोटली, विधानसभा उप सचिव जसविंदर सिंह, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और तीनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। समिति ने सरकारी पंचायती जमीनों पर हुए अवैध कब्जों को शीघ्र हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत एनजीओ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु इनके दायरे को बढ़ाने की सिफारिश की गई।
मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर जोर
समिति ने मनरेगा के अंतर्गत लंबित मजदूरी भुगतानों को तुरंत जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पारदर्शिता को सुनिश्चित करने और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सभी लक्ष्यों को 30 अगस्त तक पूरा करने पर भी बल दिया गया।
खेल, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी परियोजनाओं पर जोर
पंचायतों को खेल, पर्यावरण और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं जैसे आदर्श स्टेडियम, तालाब, पुस्तकालय, धर्मशालाओं के नवीनीकरण आदि में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ मिलकर ग्रामीण फैक्ट्रियों के ट्रीटमेंट प्लांट की नियमित जांच सुनिश्चित करें।
शाहकोट को देशभर में पहला स्थान मिलने पर बधाई
समिति अध्यक्ष प्रिंसिपल बुधराम ने नीति आयोग के ‘एस्पिरेशनल ब्लॉक प्रोग्राम’ में शाहकोट ब्लॉक को देशभर में पहला स्थान मिलने पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल को विशेष रूप से बधाई दी और अन्य ब्लॉकों को भी इस दिशा में प्रेरित करते हुए बेहतर प्रदर्शन के निर्देश दिए।
