पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में होशियारपुर जिले के मुकेरियां के गांव खिचियां में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम ने महा रैली का रूप ले लिया। कार्यक्रम में हर आयु वर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्यमंत्री का स्वागत उत्साह और नारों के साथ किया गया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल जोश से भर गया।
जनता की मांग पर कॉलेज और अस्पतालों के नवीनीकरण की घोषणा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के सरकारी कॉलेजों और अस्पतालों के नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने मुफ्त बिजली, सरकारी स्कूलों में सुधार, महिलाओं के लिए सम्मान राशि, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी।
‘मेरी राजनीति कुर्सी के लिए नहीं’
भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुकेरियां की पवित्र धरती पर मिला प्रेम और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सत्ता या कुर्सी के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का भरोसा उनकी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और उसी विश्वास के साथ विकास का सफर आगे बढ़ाया जाएगा।

पंजाब को फिर नंबर-1 बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य को हर क्षेत्र में फिर से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से विकास की इस यात्रा में सहयोग देने की अपील करते हुए विश्वास जताया कि जनता के साथ और समर्थन से पंजाब को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
