पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पंजाब सरकार ने ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ को प्रभावी रूप से लागू कर दिया है। यह योजना आज लाखों परिवारों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। राज्य के लगभग 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज का सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
पंजाब सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित को प्राथमिकता देने वाली नीतियों का परिणाम है कि स्वास्थ्य बीमा जैसी महत्वपूर्ण सुविधा अब जमीनी स्तर पर पहुंच रही है। पहले गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में परिवारों को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था। कई बार लोगों को इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ता था या संपत्ति बेचनी पड़ती थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पात्र परिवार सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करवा सकते हैं।
यह योजना विशेष रूप से उन वर्गों के लिए राहत लेकर आई है, जिनकी आय सीमित है और जो महंगे इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ थे। हृदय रोग, कैंसर, किडनी, दुर्घटना और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज को इस योजना के दायरे में शामिल किया गया है। इससे लोगों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
सरकार ने योजना को पारदर्शी और सुचारू ढंग से लागू करने के लिए डिजिटल सिस्टम और सरल प्रक्रिया अपनाई है। लाभार्थियों को नामांकन और कार्ड सत्यापन की प्रक्रिया आसान बनाई गई है, जिससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ का सामना न करना पड़े। अस्पतालों में कैशलेस सुविधा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट किया है कि उनकी सरकार का लक्ष्य ‘स्वस्थ पंजाब’ का निर्माण करना है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना और आम जनता को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ न केवल एक बीमा योजना है, बल्कि यह सामाजिक सुरक्षा की मजबूत ढाल है। इससे लाखों परिवारों को मानसिक और आर्थिक सुकून मिला है। पंजाब सरकार की यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम कर रही है और राज्य को सामाजिक कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ा रही है।
