पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक ट्वीट कर बताया कि उन्होंने और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कल रात श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित भव्य लाइट एंड साउंड शो में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस को समर्पित था।
सीएम मान ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब जैसी पवित्र धरती पर ऐसे कार्यक्रम न सिर्फ इतिहास को जीवंत करते हैं, बल्कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक धरोहर से दोबारा जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
लाइट एंड साउंड शो में गुरु साहिब जी के जीवन, उनके साहस, विचारधारा और मानवता के लिए किए गए बलिदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। संगत ने इसे बेहद प्रेरणादायक अनुभव बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि गुरु साहिब जी की शिक्षाओं को नए युग के अनुरूप हर उम्र तक पहुँचाया जाए, ताकि लोग उनके संदेश — धर्म की रक्षा, सत्य, साहस और मानवता — को अपने जीवन में समझ सकें और अपनाएं।
उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ गुरु साहिब जी की महान विरासत और उनके अद्वितीय बलिदान से प्रेरणा लेती रहें।
