श्री आनंदपुर साहिब में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित भव्य ‘सर्व धर्म सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दुनिया भर से आए धार्मिक नेताओं के साथ गुरु साहिब जी को नमन किया।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी। सभी ने मिलकर गुरु साहिब जी की शिक्षाओं और उनके त्याग को याद किया।
केजरीवाल बोले: “गुरु साहिब जी का बलिदान इतिहास में अद्वितीय”
भाषण के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह सम्मेलन दुनिया को यह संदेश देने के लिए आयोजित किया गया है कि धर्मों के बीच प्रेम, सद्भाव और सम्मान ही समाज की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि इतिहास में शायद ही कोई ऐसी मिसाल मिलती है जब किसी ने दूसरे धर्म को बचाने के लिए अपने प्राण न्योछावर किए हों।
केजरीवाल ने याद दिलाया कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान की, और यह बलिदान दुनिया के इतिहास में बेमिसाल है।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर दुनिया भर के धार्मिक नेताओं का एक जगह आना इस बात को दर्शाता है कि गुरु साहिब के संदेश आज भी उतने ही महत्वपूर्ण और प्रासंगिक हैं।
“संगत की सुविधा के लिए बड़े प्रबंध”
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार ने संगत की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालु आसानी से पवित्र नगरी पहुँचकर मत्था टेक सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि गुरु साहिब के आशीर्वाद से जुड़े प्रदेश के 142 गांवों को नया रूप देने के लिए सरकार फंड जारी कर रही है, ताकि इन गांवों की पुरानी पहचान संजोई जा सके।
उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे गुरु साहिब के उपदेशों — मानवता, दया और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व — को अपने जीवन में अपनाएं।
मुख्यमंत्री मान का संदेश: “गुरुओं की धरती पंजाब हमेशा से अद्वितीय”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब की धरती महान गुरुओं, संतों, पीरों और शहीदों की धरती है, जहाँ से अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी की शहादत दुनिया के इतिहास में अनोखी है। उन्होंने दूसरों की धार्मिक आज़ादी की रक्षा के लिए अपने प्राण त्याग दिए, जो किसी भी सभ्यता के लिए प्रेरणा का स्तंभ है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया कि वे गुरु साहिब के रास्ते पर चलते हुए मानवता और भाईचारे को बढ़ावा दें।
हर साल होगा आयोजन
मान ने कहा कि सरकार 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है और आने वाले समय में भी ये समागम जारी रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि गुरु साहिब की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए हर साल उनके शहीदी दिवस पर बड़े स्तर पर आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगत को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पंजाब सरकार ने यातायात, सुरक्षा, पानी, स्वास्थ्य और रहने की व्यवस्था सहित सभी प्रबंध पहले से ही पुख्ता कर दिए हैं।
