पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वन विभाग के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 516 अकुशल कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति पत्र सौंपे। मोहाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह वन विभाग के कर्मचारियों के लिए बेहद खुशी का दिन है। लंबे समय से नियमित होने का इंतजार कर रहे कर्मचारियों का भविष्य अब सुरक्षित हो गया है। इसके साथ ही 237 कर्मचारियों के लंबे समय से रुके हुए प्रमोशन भी बहाल कर दिए गए हैं।
50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब के हर जिले में 6.5 लाख नए पौधे लगाए जाएंगे। राज्य सरकार ने पूरे पंजाब में कुल 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
‘रंगला पंजाब’ पर जोर
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार देने और सरकारी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम को समाप्त करते हुए 68,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और विकास, रोजगार तथा हरियाली के साथ एक ‘रंगला पंजाब’ का निर्माण करना है।
