आम आदमी पार्टी को आज एक बड़ा झटका लगा है। पंजाब विधानसभा क्षेत्र तरनतारन से मौजूदा विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का आज शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पार्टी में शोक की लहर फैल गई है।
डॉ. कश्मीर सिंह सोहल एक जुझारू, कर्मठ और समर्पित नेता माने जाते थे। वे न केवल एक लोकप्रिय विधायक थे, बल्कि क्षेत्र की जनता के साथ गहरे जुड़ाव के लिए भी पहचाने जाते थे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,
“तरनतारन से हमारे पार्टी के सम्माननीय विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन की दुखद खबर मिली। यह जानकर बेहद दुख हुआ। डॉक्टर साहब पार्टी के मेहनती और जुझारू नेता थे। इस दुख की घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ दिल से संवेदना प्रकट करता हूं। प्रभु उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह गम सहन करने की शक्ति दें।”
डॉ. सोहल के अचानक चले जाने से पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ है। वे अपने क्षेत्र में जनसेवा के लिए हमेशा सक्रिय रहते थे।
उनके निधन से न केवल आम आदमी पार्टी बल्कि पूरे पंजाब की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
