कपूरथला जिले के फगवाड़ा में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में शामिल हुए और पूरे आयोजन में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पंजाब की खुशहाली के लिए प्रार्थना
मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने श्रद्धालुओं के साथ पंजाब की तरक्की, खुशहाली और चढ़दी कला के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में भक्ति के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
‘सभी धर्मों का बराबर सम्मान’
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान करती है। उन्होंने फगवाड़ा में जुटे शिव भक्तों की बड़ी संख्या और उनके उत्साह को लोगों की गहरी धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।
तीर्थ यात्रा योजना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत लोगों को धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए मुफ्त बस सुविधा दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा देना है।
पटियाला के काली माता मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण
भगवंत मान ने बताया कि पटियाला स्थित श्री काली माता मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम भी किया जा रहा है। इसके लिए करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सरकार के अनुसार, धार्मिक स्थलों की सुविधाओं और विकास पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब और पंजाब के लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है।
