पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत राज्यभर में कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के 205वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर गैंगस्टरों से जुड़े संदिग्ध ठिकानों और चिन्हित स्थानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की।
630 ठिकानों पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत राज्य में कुल 630 छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान 353 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे 9 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
4 अवैध हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 4 हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
अभियान के बाद 60 हजार से ज्यादा गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 60,354 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस लगातार गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। जानकारी देने वाले की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है। पुलिस के मुताबिक, नागरिकों की सूचना गैंगस्टर नेटवर्क तक पहुंचने और उन्हें तोड़ने में मदद कर सकती है।
