पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने ‘शुक्राना यात्रा’ के दौरान समाना पहुंचे लोगों का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना और फूलों की वर्षा करना उनके लिए बेहद भावुक पल रहा। CM मान ने कहा कि जनता का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
बेअदबी कानून पर हाईकोर्ट की मुहर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ‘जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट 2026’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब बेअदबी के दोषियों को आजीवन कारावास और 50 लाख रुपये तक जुर्माना भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने भी इस कानून को सही ठहराते हुए विरोधियों की याचिकाएं खारिज कर दी हैं।
CM मान ने कहा कि यह कानून गुरु साहिब की मर्यादा और सम्मान की रक्षा के लिए बनाया गया है और अब दोषियों को किसी भी तरह की राहत नहीं मिलेगी।
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
भगवंत मान ने कहा कि पहले की कई पार्टियों ने धर्म के नाम पर वोट तो मांगे, लेकिन गुरु साहिब की गरिमा की रक्षा के लिए कभी कोई सख्त कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को बांटने की राजनीति लंबे समय तक चलती रही, लेकिन अब उनकी सरकार ने इस दिशा में ऐतिहासिक फैसला लिया है।
आनंदपुर साहिब में होगा यात्रा का समापन
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा ईश्वर का आशीर्वाद लेते हुए श्री आनंदपुर साहिब में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के भाईचारे, शांति और गुरु साहिब के सम्मान की रक्षा के लिए अंतिम समय तक डटकर खड़े रहेंगे।
