पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को पटियाला और फतेहगढ़ साहिब जिलों में चल रहे तीन बड़े सड़क निर्माण प्रोजेक्ट्स का अचानक निरीक्षण किया। यह दौरा उनके राज्यभर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने के विशेष अभियान का हिस्सा था। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई जगह गंभीर खामियां मिलीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
मानकों की अनदेखी पर ठेकेदार को नोटिस, भुगतान रोका गया
सीएम मान जब पटियाला के रीतखेड़ी लिंक रोड पर पहुंचे तो वहां निर्माण गुणवत्ता में गड़बड़ियां मिलीं। उन्होंने मौके पर ही सैंपल लिए और अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही उसकी सभी पेमेंट तुरंत रोक दी जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली सड़कें किसी भी हालत में घटिया नहीं होनी चाहिए।
राज्य का सबसे बड़ा सड़क निर्माण प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार 16,209 करोड़ रुपये की लागत से 44,920 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कर रही है। यह पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा सड़क निर्माण अभियान है। खास बात यह है कि हर सड़क पर पांच साल की अनिवार्य मेंटेनेंस शर्त जोड़ी गई है, ताकि कोई भी प्रोजेक्ट आधे-अधूरे स्तर पर न बने और सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहें।
नई सड़कों पर आधुनिक सुरक्षा संकेत, रोड मार्किंग और किनारों की धारियां भी अनिवार्य की जा रही हैं।
अन्य सड़कों का भी निरीक्षण, लैब जांच के आदेश
रीतखेड़ी रोड के अलावा मुख्यमंत्री ने पटियाला-सरहिंद रोड और फतेहगढ़ साहिब के रुड़की–रिउंणा पलैन रोड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी सैंपल की लैब जांच कराने के निर्देश दिए। सीएम ने बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान के कारण कई सड़कों की हालत बिगड़ गई थी, इसलिए सरकार ने निर्माण कार्यों की रफ्तार और जांच दोनों तेज कर दी है।
सरकार इस समय 4,092 करोड़ रुपये की लागत से 19,373 किलोमीटर ग्रामीण लिंक सड़कें भी बना रही है।
जनता से निगरानी की अपील, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में बन रही सड़कों की खुद निगरानी करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलते ही सरकार को सीधे सूचना देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानकों से समझौता करने वाले किसी भी ठेकेदार या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम मान ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड लगातार जांच कर रहा है और शिकायतों के बाद कई ठेके पहले ही रद्द किए जा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा—
“पंजाब की सड़कें जनता के पैसे से बन रही हैं, इसलिए गुणवत्ता पर ज़रा भी समझौता नहीं होगा। जो गलत करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।”
