लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने नशा लेने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों को अलग-अलग इलाकों से पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से सिल्वर फॉइल, लाइटर और 10 रुपये का नोट बरामद किया है, जिन्हें नशा करने में इस्तेमाल किया जाता है। अधिकारियों का कहना है कि मौके पर मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पहला मामला: शिमलापुरी का युवक रंगे हाथों गिरफ्तार
सदर थाना पुलिस टीम इलाके में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें शिमलापुरी के संदीप मेडिकल हॉल के पास एक युवक पर शक हुआ। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पूछताछ और चेकिंग के दौरान पता चला कि युवक खुलेआम नशा कर रहा था। उसकी पहचान शुभम बब्बर के रूप में हुई है।
सब-इंस्पेक्टर दविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से नशा करने में उपयोग होने वाला सामान बरामद हुआ है। शुभम के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दूसरा मामला: दशहरा ग्राउंड के पास युवक पकड़ा गया
दूसरी गिरफ्तारी डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने की है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मिलरगंज स्थित दशहरा ग्राउंड के पास एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर जांच की तो पाया कि वह नशे की हालत में था। युवक की पहचान प्रताप चौक के पास विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी अनिल कुमार उर्फ कालू के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि कालू के अलावा कुछ और लोग भी उसके साथ नशा कर रहे थे, जिनकी पहचान के लिए जांच जारी है। उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्त निगरानी जारी
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि शहर में खुलेआम नशा करने वालों और सप्लायरों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे नशा कहां से लाते थे और क्या वे किसी गैंग से जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
