लखनऊ; 09 फरवरी 2026:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के बच्चों के नाम एक भावनात्मक संदेश ‘योगी की पाती’ लिखी है। इस पत्र में मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा, उनके भविष्य और मानसिक विकास को लेकर गंभीर चिंताएं साझा की हैं।
सीएम योगी ने चाइनीज मांझे को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि पतंग उड़ाना हमारी परंपरा का हिस्सा है, लेकिन चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि यदि कहीं चाइनीज मांझा बिकता दिखाई दे, तो वे अपने परिजनों के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दें और सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री ने बच्चों में बढ़ती मोबाइल फोन की लत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल बच्चों का कीमती समय चुरा रहा है, गेम और रील्स में कई घंटे बर्बाद हो जाते हैं, जिससे आंखों पर बुरा असर पड़ता है और एकाग्रता कम होती है।
सीएम योगी ने बच्चों को मोबाइल की जगह किताबों से दोस्ती करने और परिवार के साथ अधिक समय बिताने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिना डरे, ध्यान से प्रश्न पत्र पढ़कर उत्तर लिखें, नकारात्मक विचारों से दूर रहें और प्रयास में कोई कमी न रखें।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने गीता के श्लोक
“कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन”
का उल्लेख करते हुए बच्चों को कर्म पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी।
