राजधानी दिल्ली में जैसे-जैसे सर्दी अपना असर दिखा रही है, वैसे-वैसे हवा की गुणवत्ता लगातार चिंता बढ़ा रही है। बुधवार को प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी ज़रूर देखने को मिली थी, लेकिन गुरुवार सुबह हालात एक बार फिर बिगड़ते नज़र आए। सुबह तड़के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 350 से 400 के बीच पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
कुछ जगहों पर तो हालात इससे भी ज़्यादा गंभीर रहे। दिल्ली के वजीरपुर और बवाना में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। इसके साथ ही शहर में ठंड और कोहरा भी बढ़ रहा है, जिससे सुबह-सुबह विजिबिलिटी कम रहने लगी है और लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बिगड़ी हवा
राजधानी में पिछले करीब एक महीने से प्रदूषण बना हुआ है। कुछ दिन पहले धुंध और धुएं की परत थोड़ी कम होती दिखी थी, लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक पाई। बुधवार को एक्यूआई में हल्का सुधार दर्ज किया गया, जिसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP स्टेज-3 की पाबंदियों को हटा लिया था। इसके बावजूद हवा की हालत आज भी खराब बनी हुई है।
वजीरपुर और बवाना में सबसे बुरा हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण फिर बढ़ा।
- वजीरपुर में सुबह 6 बजे AQI 404
- बवाना में AQI 403
दोनों ही आंकड़े ‘गंभीर’ श्रेणी में आते हैं, जो शहर के बाकी इलाकों की तुलना में काफी खराब माने जा रहे हैं।
दिल्ली के अन्य इलाकों का एक्यूआई
राजधानी के अन्य हिस्सों में भी हालात सामान्य नहीं हैं। कई जगहों पर एयर क्वालिटी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज हुई।
- विवेक विहार – 395
- जहांगीर पुरी – 392
- आनंद विहार – 386
- नरेला – 386
- बुराड़ी – 368
- चांदनी चौक – 368
- सोनिया विहार – 355
- आरकेपुरम – 354
इन इलाकों में धुंध और कोहरा ज्यादा दिख रहा है, जिससे सुबह-सुबह दृश्यता प्रभावित हुई। खासकर बाहरी इलाकों में यह असर और अधिक महसूस हुआ।
सर्दी और धुंध का प्रभाव
गुरुवार सुबह दिल्ली के आसमान में धुंध की मोटी परत छाई रही। ठंड बढ़ने के साथ हवा में नमी भी बढ़ गई है, जो प्रदूषण को जमीन के करीब जमा रखती है। इस वजह से शहर में स्मॉग की स्थिति बार-बार बन रही है।
सुबह और शाम में विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे कई जगह ट्रैफिक धीमा पड़ा और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
दिल्ली में मौसम बदल रहा है, सर्दी बढ़ रही है, लेकिन हवा की गुणवत्ता में कोई स्थायी सुधार अभी दिखाई नहीं दे रहा। कई इलाकों में लगातार बढ़ते एक्यूआई के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी को साफ हवा के लिए अभी इंतज़ार करना पड़ सकता है।
