आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के जनरल सेक्रेटरी और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने विपक्षी दलों पर एक साथ हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल का एक ही उद्देश्य है—मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को बदनाम करना। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहा है और राजनीतिक फायदे के लिए एकजुट होकर काम कर रहा है।
‘CM मान के लिए इस्तेमाल की जा रही गलत भाषा’
बलतेज पन्नू ने कहा कि विपक्ष के कई नेता मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए अनुचित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पर पहले भी टिकटों के बदले करोड़ों रुपये लेने के आरोप लगते रहे हैं। पन्नू ने कांग्रेस नेताओं अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें जनता को बताना चाहिए कि उनके राजनीतिक फैसले आखिर किसके इशारे पर लिए जा रहे हैं।
‘बीजेपी में कांग्रेस का एक गुट बन गया’
AAP नेता ने कहा कि पंजाब की राजनीति में ऐसी स्थिति बन गई है, जहां कांग्रेस का एक वर्ग बीजेपी के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर विपक्ष के पास मान सरकार के कामों का जवाब नहीं है, तो वह मिलकर राजनीतिक खेल खेल रहा है। पन्नू ने कांग्रेस नेताओं के दिल्ली दौरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए कि उसके फैसले पंजाब में होते हैं या दिल्ली से तय किए जाते हैं।
‘सरकारी योजनाओं का विरोध कर रहा विपक्ष’
बलतेज पन्नू ने दावा किया कि पूरा विपक्ष मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ एकजुट हो गया है और इसे उन्होंने ‘ABC गठबंधन’ का नाम दिया। उनके अनुसार इस गठबंधन में अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष नहीं चाहता कि लोगों को मुफ्त बिजली, किसानों को नहर का पानी और महिलाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। पन्नू ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता बीजेपी के संपर्क में हैं और पार्टी को इस पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
