पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत राज्य के पात्र लाभार्थियों को अत्याधुनिक सर्जिकल उपचार पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज का इलाज न रुके और सभी को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
190 ऑर्थोपेडिक सर्जरी पर 53.38 लाख रुपये खर्च
स्टेट हेल्थ एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत अब तक 190 ऑर्थोपेडिक सर्जरी कराई जा चुकी हैं। इन सर्जरी पर सरकार ने 53.38 लाख रुपये खर्च किए हैं। इनमें 79 फ्रैक्चर फिक्सेशन (ORIF) सर्जरी भी शामिल हैं, जो हड्डी टूटने के बाद मरीजों के इलाज के लिए की जाती हैं। इस योजना के माध्यम से मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महंगे इलाज का बोझ कम करने पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मान सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र नागरिक को उच्च गुणवत्ता वाला इलाज समय पर मिले। सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का दायरा बढ़ाने पर काम कर रही है, ताकि किसी भी परिवार को महंगे इलाज के कारण आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना इसी दिशा में लोगों को राहत देने वाली महत्वपूर्ण पहल के रूप में आगे बढ़ रही है।
