पंजाब की राजनीति में गुरुवार को उस समय गर्माहट बढ़ गई जब गंग नहर की 100वीं वर्षगांठ मनाए जाने पर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। AAP के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि गंग नहर को लेकर जश्न मनाना “पंजाब के जख्मों पर नमक छिड़कने” जैसा है।
AAP विधायक का कड़ा बयान
धालीवाल ने कहा कि गंग नहर का निर्माण पंजाब के पानी को गैर-न्यायिक आधार पर राजस्थान की ओर मोड़ने के लिए किया गया था, जिससे राज्य को हमेशा नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के हितों के खिलाफ लिए गए इस फैसले की 100वीं सालगिरह मनाकर कुछ लोग सियासी फायदा लेना चाहते हैं।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि कुछ नेताओं ने “भाजपा के कांग्रेसी विंग” की भूमिका निभाते हुए इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पंजाब से हुए अन्याय का उत्सव मनाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “सियासी रोटियां सेकने वाले लोग कल को साका नीला तारा जैसी पीड़ादायक घटनाओं को भी जश्न का रूप दे देंगे।”
“पंजाब को नहीं मिली एक भी दुहानी”
AAP विधायक ने यह भी सवाल उठाया कि गंग नहर के पानी का इस्तेमाल करने के बावजूद राजस्थान की किसी भी सरकार ने पंजाब को आज तक रॉयल्टी के रूप में एक रुपये तक का भुगतान नहीं किया।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति पंजाब के किसानों और जलस्रोतों के साथ हुई “ऐतिहासिक नाइंसाफी” को दिखाती है।
राजनीतिक तनाव बढ़ने के आसार
गंग नहर की वर्षगांठ पर उठे इन सवालों ने पंजाब की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। AAP का कहना है कि वह पंजाब के जल-अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी। वहीं, अब देखना होगा कि बीजेपी और अन्य दल इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
