मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खरड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव तीड़ा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गांव की ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए ₹51 लाख का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के विकास में फंड की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।
स्थानीय लोगों से सीधे संवाद
लोक मिलनी के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और जरूरी काम समय पर पूरा करने पर जोर दिया। सरकार की ओर से गांवों में बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
महिलाओं और परिवारों से जुड़ी योजना का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से परिवारों में खुशियों का माहौल बढ़ रहा है। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री की बात पर उत्साह जताया। भगवंत मान ने कहा कि विरोधी चाहे जितना विरोध करें, सरकार इस योजना को लगातार जारी रखेगी।
लोक मिलनी में उमड़ा लोगों का हुजूम
मुख्यमंत्री को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। भगवंत मान ने लोगों के समर्थन और प्यार के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों की दुआएं और पंजाब के लोगों का प्यार उनके लिए बेहद अनमोल है।मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।
