पंजाब सरकार ने सरकारी सेवाओं को लोगों के लिए आसान बनाने की दिशा में DigiPunjab पोर्टल लॉन्च किया है। AAP पंजाब अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ में इस नए पोर्टल की शुरुआत की। सरकार के मुताबिक, इसका मकसद लोगों को अलग-अलग सरकारी सेवाओं के लिए कई पोर्टल पर बार-बार रजिस्ट्रेशन कराने की परेशानी से राहत देना है।
एक पोर्टल पर 300 से ज्यादा सेवाएं
DigiPunjab के जरिए लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर 300 से ज्यादा सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इससे नागरिक घर बैठे जरूरी सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे और सरकारी काम के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
QR कोड वाले सर्टिफिकेट की सुविधा
अमन अरोड़ा ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लोगों को सरकारी दफ्तरों की भागदौड़ से राहत मिली है। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से करीब 2 करोड़ QR कोड वाले सर्टिफिकेट लोगों तक पहुंचाए जा चुके हैं। इससे दस्तावेजों की जांच और इस्तेमाल की प्रक्रिया भी आसान होने की बात कही गई।
बिना रिश्वत और परेशानी के सेवाओं पर जोर
अमन अरोड़ा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी व्यवस्था बनाना है, जहां लोगों को सेवाएं लेने के लिए न तो अनावश्यक परेशानी उठानी पड़े और न ही किसी तरह की रिश्वत देनी पड़े। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की।
