पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के 183वें दिन पुलिस ने पूरे पंजाब में 718 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 446 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कार्रवाई के दौरान 5 हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 51,702 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्यभर में चिन्हित स्थानों पर लगातार छापेमारी कर गैंगस्टर नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इसी के साथ ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के 508वें दिन भी पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। राज्यभर में अभियान के दौरान 111 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पंजाब पुलिस के मुताबिक, ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान शुरू होने से अब तक 74,372 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर और नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।
