दिल्ली और आस-पास के इलाकों में आज सुबह का मौसम साफ और धूप वाला रहा। हालांकि, धूप के साथ लोगों को उमस और नमी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकेगी।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि राजधानी में इस हफ्ते तीन दिन तक भारी बारिश हो सकती है। आज दोपहर बाद मौसम का रुख बदलने की संभावना है, जब तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात हो सकती है। मंगलवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, लेकिन बुधवार, 9 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज बारिश की आशंका है। विभाग का अनुमान है कि 12 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
यमुना का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर
बारिश की चेतावनी ऐसे समय आई है जब दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अब भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। आज सुबह 7 सितंबर को यमुना का जलस्तर 205.59 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि इसमें थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पुराना रेलवे पुल समेत कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।
पिछले 24 घंटे का मौसम रिकॉर्ड
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र (RWFC) के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान पूर्वी हवाएं चलीं जिनकी गति 20 से 33 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
