पंजाब में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने स्कूलों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 8 सितंबर (रविवार) को प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल छात्रों के लिए बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों और स्टाफ को स्कूलों में उपस्थित रहना होगा।
9 सितंबर से सामान्य रूप से खुलेंगे सभी संस्थान
मंत्री ने स्पष्ट किया कि 9 सितंबर से पंजाब के सभी सरकारी, प्राइवेट और एडेड स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटियां सामान्य रूप से खुल जाएंगी। हालांकि, यदि किसी जिले में बाढ़ या बारिश से कोई संस्थान प्रभावित है तो उसे बंद करने का निर्णय संबंधित जिले के डिप्टी कमिश्नर द्वारा लिया जाएगा।
सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी
प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि स्कूल की इमारत और कक्षाएं पूरी तरह सुरक्षित हों। इसका उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
साफ-सफाई और निरीक्षण की होगी कार्रवाई
शिक्षा मंत्री ने कहा कि 8 सितंबर को शिक्षकों द्वारा स्कूलों में साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्कूल प्रबंधन समिति (SMC), पंचायतों, नगर परिषदों और नगर निगमों की भी मदद ली जाएगी। इसके साथ ही स्कूल भवनों का पूरी तरह निरीक्षण किया जाएगा।
खामियां मिलने पर तुरंत रिपोर्ट
अगर किसी स्कूल भवन में कोई कमी या नुकसान पाया जाता है तो उसकी तुरंत सूचना संबंधित डिप्टी कमिश्नर और इंजीनियरिंग विभाग को दी जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद 9 सितंबर से सभी सरकारी स्कूल पहले की तरह पढ़ाई के लिए खुल जाएंगे।
