भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार लगातार तेजी से बढ़ रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण अब लोग पारंपरिक गाड़ियों की जगह इलेक्ट्रिक कारों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि देश में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हर साल बढ़ती दिखाई दे रही है। पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता और सरकार की नीतियां भी इस बदलाव को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
फरवरी 2026 में बिक्री में मजबूत बढ़त
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फरवरी 2026 में देशभर में कुल 13,733 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं। पिछले साल की तुलना में यह एक बड़ी बढ़त मानी जा रही है, जो बताती है कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है।
हालांकि अगर जनवरी 2026 से तुलना की जाए तो फरवरी में बिक्री थोड़ी कम रही। जनवरी 2026 में करीब 18,470 इलेक्ट्रिक कारें बिकी थीं, जबकि फरवरी में यह संख्या घटकर 13,733 रह गई। विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के बाद बाजार में आमतौर पर मांग थोड़ी धीमी पड़ जाती है। इसके अलावा फरवरी का महीना छोटा होने के कारण भी बिक्री पर असर पड़ता है।
टाटा मोटर्स बनी इलेक्ट्रिक कारों की नंबर-1 कंपनी
इलेक्ट्रिक कार बाजार में टाटा मोटर्स ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। फरवरी 2026 में कंपनी सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कार बेचने वाली कंपनी रही। इस महीने टाटा मोटर्स ने कुल 5,568 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। पिछले साल फरवरी 2025 में कंपनी की बिक्री 4,020 यूनिट थी।
इस तरह टाटा मोटर्स की बिक्री में सालाना आधार पर लगभग 38.51 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि जनवरी 2026 में कंपनी ने 8,007 यूनिट बेची थीं, इसलिए महीने के हिसाब से बिक्री में करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है।
महिंद्रा की बिक्री में सबसे बड़ी छलांग
इलेक्ट्रिक कार बाजार में महिंद्रा ने सबसे ज्यादा सालाना बढ़ोतरी दर्ज की है। फरवरी 2026 में कंपनी ने 2,913 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं, जबकि फरवरी 2025 में यह आंकड़ा केवल 508 यूनिट था। यानी एक साल में कंपनी की बिक्री में लगभग 473 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है।
हालांकि जनवरी 2026 के मुकाबले फरवरी में बिक्री थोड़ी कम रही और करीब 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
MG Motor दूसरे स्थान पर
इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में JSW MG Motor दूसरे स्थान पर रही। फरवरी 2026 में कंपनी ने कुल 3,312 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। हालांकि यह संख्या पिछले साल की तुलना में करीब 5 प्रतिशत कम है। वहीं जनवरी 2026 के मुकाबले कंपनी की बिक्री में लगभग 29 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
अन्य कंपनियों का प्रदर्शन
अन्य कंपनियों की बात करें तो वियतनाम की कंपनी VinFast ने फरवरी में 384 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं। वहीं चीन की कंपनी BYD ने 306 यूनिट की बिक्री दर्ज की और इसमें सालाना और मासिक दोनों आधार पर बढ़ोतरी देखने को मिली।
इसके अलावा हुंडई ने फरवरी में 304 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं, जबकि किआ ने 295 यूनिट की बिक्री दर्ज की। लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों के सेगमेंट में BMW ने 245 और मर्सिडीज ने 65 गाड़ियां बेचीं। वहीं मारुति ने 214, टेस्ला ने 29 और वोल्वो ने 25 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दर्ज की।
