मोहाली: पंजाब पुलिस की साइबर क्राइम टीम को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम पंजाब ने एक इंटर-स्टेट साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं की नकली पहचान बनाकर लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाते थे और खुद को महिला बताकर लोगों से दोस्ती करते थे। इसके बाद वे आवाज बदलने वाले सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर बातचीत करते थे ताकि सामने वाले को शक न हो। बाद में ये लोग पीड़ितों को एआई से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो फैलाने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठते थे।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है। इसमें करीब 3.49 लाख रुपये नकद, 500 अमेरिकी डॉलर, 29 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, एक डोंगल और 38 खाली मोबाइल फोन बॉक्स शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों का इस्तेमाल ठगी के इस पूरे नेटवर्क को चलाने के लिए किया जा रहा था।
इस मामले में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, मोहाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर क्राइम हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
