पंजाब के ज्यादातर इलाकों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर चलना खतरनाक साबित हुआ। इसी दौरान फिरोजपुर जिले के ममदोट कस्बे में घने कोहरे और फिसलन भरी सड़क ने कई वाहन चालकों को मुश्किल में डाल दिया।
पांच मिनट में हुए कई हादसे
ममदोट इलाके में हालात उस समय बिगड़ गए, जब महज पांच मिनट के भीतर करीब 10 मोटरसाइकिलें और अन्य वाहन फिसलकर आपस में टकरा गए। हादसों में कई लोग घायल हो गए, जबकि कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। अचानक हुए इन हादसों से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
टी-प्वाइंट बना सबसे खतरनाक
स्थानीय लोगों के मुताबिक फिरोजपुर-ममदोट-खाई लिंक रोड पर स्थित टी-प्वाइंट पर यह हादसे हुए। यहां घना कोहरा होने के साथ-साथ सड़क पर भट्ठे की मिट्टी बिछी हुई थी, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। ऊपर से इस जगह पर तेज मोड़ होने के कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा ही नहीं लग पाया।
ब्रेक लगाने पर भी नहीं रुके वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पीछे से आ रहे वाहनों को रोकने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन सड़क पर ज्यादा फिसलन होने की वजह से ब्रेक भी असर नहीं कर पाए। नतीजतन एक के बाद एक वाहन आपस में टकराते चले गए। कई लोगों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं।
राहगीरों से सतर्क रहने की अपील
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क पर खड़े होकर अन्य राहगीरों को सावधान किया और इस रास्ते से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक मौसम साफ नहीं होता और सड़क की फिसलन दूर नहीं की जाती, तब तक इस मार्ग पर यात्रा करना जोखिम भरा है।
