पंजाब में आज अचानक लोगों के मोबाइल फोन पर अलर्ट मैसेज आने लगे। दरअसल, राज्य के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से घना कोहरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खराब मौसम को देखते हुए पंजाब स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (PSDMA) ने एहतियातन लोगों को चेतावनी संदेश भेजने शुरू कर दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से समय रहते निपटा जा सके।
6 जिलों में अगले 24 घंटे बेहद अहम
पंजाब स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के मुताबिक, अगले 24 घंटों में राज्य के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना और पटियाला जिलों में कई जगहों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से इन जिलों में रहने वाले लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इमरजेंसी के लिए 112 पर कॉल करने की अपील
अथॉरिटी ने लोगों से अपील की है कि अगर कोहरे की वजह से किसी भी तरह की इमरजेंसी स्थिति बनती है, तो तुरंत 112 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस, एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाएं अलर्ट मोड पर रखी गई हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने भी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इन छह जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कोहरे के कारण सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहेगी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
6 जनवरी तक मौसम का मिजाज रहेगा सख्त
मौसम विभाग ने पंजाब के लिए 6 जनवरी तक का ताजा पूर्वानुमान भी जारी किया है।
-
2 और 3 जनवरी को अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में रेड अलर्ट रहेगा।
-
4, 5 और 6 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों के लिए जरूरी सलाह
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और मौसम से जुड़ी सरकारी एडवाइजरी का पालन करें। घने कोहरे और ठंड के बीच सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
