दिलजीत दोसांझ की ‘सरदार जी 3’ ने मचाया धमाल, पहले ही दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई
दिलजीत दोसांझ की बहुप्रतीक्षित पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ ने ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की है। 27 जून को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन 4.32 करोड़ रुपये की कमाई करके सभी को चौंका दिया है। हालांकि फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया गया है, फिर भी विदेशों में इसे शानदार रिस्पॉन्स मिला है।
भारत में नहीं हुई रिलीज, जानें वजह
‘सरदार जी 3’ को लेकर भारत में काफी विवाद है। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर को लीड रोल में कास्ट किया गया है। हानिया पाकिस्तान की जानी-मानी अदाकारा हैं और इस फिल्म के जरिए उन्होंने पंजाबी सिनेमा में कदम रखा है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव और पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी वजह से फिल्म को भारत में रिलीज नहीं किया गया।
फिल्म का ट्रेलर भी भारत में यूट्यूब पर रिलीज नहीं किया गया, हालांकि इसके गाने यूट्यूब पर मौजूद हैं। सोशल मीडिया पर भी हानिया आमिर के अकाउंट्स भारत में प्रतिबंधित हैं। यही कारण है कि भारत में फिल्म को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
ओवरसीज में तोड़ा रिकॉर्ड
बावजूद इसके, ‘सरदार जी 3’ ने विदेशों में बंपर ओपनिंग ली है। पहले दिन की कमाई 4.32 करोड़ रुपये रही, जो किसी भी पंजाबी फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक है। इस आंकड़े के साथ ये फिल्म ‘जट्ट एंड जुलियट’ और ‘कैरी ऑन जट्टा’ के बाद तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बन गई है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि ‘जट्ट एंड जुलियट’ और ‘कैरी ऑन जट्टा’ मिड-वीक में रिलीज हुई थीं, जबकि ‘सरदार जी 3’ शुक्रवार को रिलीज हुई, जो सिनेमाघरों के लिए आमतौर पर अच्छा दिन होता है। इस लिहाज से फिल्म की ओपनिंग खास मानी जा रही है।
पाकिस्तान में भी बना रिकॉर्ड
दिलजीत दोसांझ की लोकप्रियता पाकिस्तान में भी कम नहीं है। वहीं पर रिलीज होते ही फिल्म ने इतिहास रच दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान में पहले दिन फिल्म ने 3 करोड़ रुपये की कमाई की, जो वहां किसी भी पंजाबी फिल्म के लिए रिकॉर्ड है।
दिलजीत और नीरू बाजवा की जोड़ी फिर हिट
फिल्म में दिलजीत दोसांझ और नीरू बाजवा की जोड़ी एक बार फिर नजर आई है। ये जोड़ी पहले भी कई हिट फिल्में दे चुकी है और दर्शकों को इनकी केमिस्ट्री खूब पसंद आती है। इस बार पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर ने भी अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीता है।
‘सरदार जी 3’ भले ही भारत में रिलीज नहीं हुई, लेकिन विदेशों में इसने दिल जीत लिए हैं। फिल्म की ओपनिंग ने यह साबित कर दिया है कि पंजाबी सिनेमा अब ग्लोबल लेवल पर पहचान बना रहा है। देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म और कितने रिकॉर्ड तोड़ती है।
