नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 के दौरान पंजाब सरकार ने राज्य को निवेश के लिए एक मजबूत और आकर्षक केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में वर्ष 2022 से अब तक पंजाब को 75,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग-अनुकूल नीतियों और तेज फैसलों के कारण निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
टेक्सटाइल क्षेत्र में नई पहचान बना रहा पंजाब
अमन अरोड़ा ने कहा कि पंजाब अब केवल पारंपरिक कपड़ा उद्योग तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक के साथ वैश्विक टेक्सटाइल हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य भारत के ऊनी वस्त्र उत्पादन में लगभग 95 प्रतिशत और होजरी उत्पादन में करीब 65 प्रतिशत का योगदान देता है। इसके अलावा ब्लेंडेड यार्न के उत्पादन में पंजाब देश में पहले स्थान पर है और भारत की कुल कताई क्षमता में उसकी हिस्सेदारी 5.7 प्रतिशत है।
लाखों लोगों को मिल रहा रोजगार
राज्य का टेक्सटाइल एवं परिधान उद्योग पंजाब के विनिर्माण क्षेत्र के सकल मूल्य वर्धन में लगभग 14 प्रतिशत योगदान देता है। पूरे राज्य में इस क्षेत्र की 1.46 लाख से अधिक इकाइयाँ संचालित हो रही हैं, जिनमें 10 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला हुआ है। सरकार का मानना है कि नए निवेश आने से रोजगार के और अधिक अवसर पैदा होंगे।
मजबूत औद्योगिक क्लस्टर बने बड़ी ताकत
उद्योग मंत्री ने बताया कि पंजाब में पहले से ही कई विकसित औद्योगिक क्लस्टर मौजूद हैं। लुधियाना को ‘भारत का मैनचेस्टर’ कहा जाता है, जबकि जालंधर खेल सामान निर्माण के लिए प्रसिद्ध है। अमृतसर ऊनी वस्त्र उद्योग का प्रमुख केंद्र है और एस.ए.एस. नगर आधुनिक विनिर्माण हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। इन क्षेत्रों में कुशल श्रमिक, मजबूत सप्लाई नेटवर्क और निर्यात आधारित उद्योगों का अच्छा आधार मौजूद है।
निवेशकों के लिए आकर्षक नीतियां और प्रोत्साहन
सरकार ने अपैरल, तकनीकी टेक्सटाइल, कताई, बुनाई, रंगाई और फिनिशिंग जैसे क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नीतियां लागू की हैं। निवेशकों को स्थिर पूंजी निवेश पर 20 प्रतिशत तक की पूंजी सब्सिडी, जमा किए गए नेट एसजीएसटी का 75 प्रतिशत तक प्रतिपूर्ति और निर्धारित शर्तों के तहत बड़े निवेश पर विशेष प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। कारोबार को आसान बनाने के लिए राइट टू बिजनेस एक्ट और फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल भी लागू किया गया है, जिससे स्वीकृतियां तय समय में ऑनलाइन मिल सकें।
तकनीकी टेक्सटाइल में बढ़ा रहा कदम
अमन अरोड़ा ने कहा कि दुनिया का टेक्सटाइल उद्योग अब मैन-मेड फाइबर, तकनीकी टेक्सटाइल और हाई परफॉर्मेंस मटेरियल की ओर बढ़ रहा है। पंजाब इस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में 100 से अधिक पीपीई निर्माता, कई डीआरडीओ-प्रमाणित इकाइयाँ तथा मेडिटेक, स्पोर्टटेक, एग्रीटेक और जियोटेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर परिवहन व्यवस्था, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति और कुशल कार्यबल पंजाब को टेक्सटाइल निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य बना रहे हैं।
