होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर में शुक्रवार को एक अहम समझौते (एमओयू) का नवीनीकरण किया गया। इस मौके पर पंजाब सरकार और होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर, पंजाब के बीच साझेदारी को नए सिरे से मजबूत किया गया। इस पहल का मकसद राज्यभर में कैंसर मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को और मज़बूत बनाना है।
स्वास्थ्य मंत्री और अस्पताल निदेशक की मौजूदगी
कार्यक्रम में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और अस्पताल के निदेशक डॉ. असीष गुलिया मौजूद रहे। समझौते पर अस्पताल के निदेशक (प्रशासन) माधो सिंह और पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉर्पोरेशन के निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने हस्ताक्षर किए।
पंजाब को नशा और कैंसर मुक्त बनाने की उम्मीद
समारोह में संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि पंजाब जल्द ही नशा और कैंसर से पूरी तरह मुक्त हो। उन्होंने भरोसा जताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पंजाब देश का नंबर वन राज्य बनेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हरित क्रांति के दौरान देश को खाद्य सुरक्षा दिलाने के प्रयास में पंजाब के पानी और हवा की गुणवत्ता से समझौता हुआ, जिसका नतीजा है कि राज्य में कैंसर जैसी बीमारियां फैलीं।
सरकार के प्रयासों पर डाला प्रकाश
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने टाटा समूह और अस्पताल प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह साझेदारी कैंसर मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
डॉ. असीष गुलिया का बयान
होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. असीष गुलिया ने कहा,
“आज का यह समझौता हमें व्यापक और उन्नत कैंसर देखभाल उपलब्ध कराने के मिशन को नई ऊर्जा देता है। हम पंजाब सरकार, टाटा मेमोरियल सेंटर और परमाणु ऊर्जा विभाग का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने हर कदम पर हमारा सहयोग किया।”
कैंसर के खिलाफ लड़ाई में बड़ा मील का पत्थर
इस एमओयू के साथ पंजाब में कैंसर के खिलाफ लड़ाई को नया बल मिलेगा। यह साझेदारी टाटा मेमोरियल सेंटर की विशेषज्ञता और पंजाब सरकार के सहयोग को जोड़ते हुए राज्य में कैंसर उपचार को अधिक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और राज्य में कैंसर की रोकथाम व देखभाल को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में शामिल हुए अधिकारी
समारोह में कई महत्वपूर्ण अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें संदीप ऋषि (आईएएस, डिप्टी कमिश्नर), डॉ. एस.डी. बनवाली (डायरेक्टर ऑफ एकेडमिक्स, टाटा मेमोरियल सेंटर) और टी. अंबूमणि (पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, टाटा मेमोरियल सेंटर) शामिल रहे।
