सर्दियों का मौसम आते ही लोगों की प्यास अपने आप कम हो जाती है। ठंडी हवा और कम तापमान के कारण शरीर को उतनी प्यास महसूस नहीं होती, जितनी गर्मियों में होती है। इसी वजह से लोग दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं। कई बार तो आधा लीटर भी पानी नहीं पीया जाता। विशेषज्ञों का कहना है कि यह आदत धीरे-धीरे शरीर के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है।
किडनी पर बढ़ता तनाव
जब पानी कम मात्रा में पिया जाता है, तो किडनी को सीमित पानी में ही शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालना पड़ता है। इससे मूत्र गाढ़ा होने लगता है और किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। लंबे समय तक ऐसा होने पर किडनी की फिल्ट्रेशन क्षमता कमजोर पड़ सकती है और किडनी संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
दिमाग को कम मिलती है ऑक्सीजन
पानी की कमी से ब्लड वॉल्यूम घटने लगता है। इसका सीधा असर दिमाग तक पहुंचने वाली ऑक्सीजन पर पड़ता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि इससे फोकस करने में दिक्कत, चिड़चिड़ापन, मूड बदलना, सिर दर्द और थकान जैसे लक्षण दिख सकते हैं। लगातार डिहाइड्रेशन दिमागी सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
मांसपेशियों में दर्द और ऊर्जा की कमी
पानी शरीर की मांसपेशियों को ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब शरीर में पानी कम होता है, तो मसल्स तक पर्याप्त ऊर्जा नहीं पहुंच पाती। इसका नतीजा थकान, भारीपन और मांसपेशियों में दर्द के रूप में सामने आता है। ठंड के मौसम में यह समस्या और बढ़ सकती है क्योंकि शरीर को गर्म रखने में भी ऊर्जा की जरूरत होती है।
पाचन प्रक्रिया पर असर
पानी पाचन तंत्र को सुचारू रखने में सबसे अहम है। कम पानी पीने से भोजन सही तरीके से पच नहीं पाता और पाचन धीमा पड़ जाता है। इससे कब्ज, गैस और अपच की समस्या बढ़ जाती है। कई लोगों में भूख भी कम हो सकती है, जिससे कमजोरी महसूस होने लगती है।
लंबे समय में बढ़ सकता है गंभीर खतरा
अगर ठंड के मौसम में लंबे समय तक पानी कम पिया जाए, तो शरीर में क्रॉनिक डिहाइड्रेशन की स्थिति बन सकती है। इससे पेशाब गाढ़ा होना, शरीर का तापमान नियंत्रित न रहना, किडनी का काम धीमा पड़ना जैसी समस्याएं सामने आती हैं। समय के साथ यह अधिक गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकती हैं।
सर्दियों में प्यास कम लगना सामान्य है, लेकिन पानी कम पीना नहीं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का सुझाव है कि ठंड में भी दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, चाहे प्यास लगे या न लगे। इससे शरीर हाइड्रेट भी रहेगा और कई स्वास्थ्य समस्याएं आपसे दूर रहेंगी।
