किराया बढ़ा, सुविधाएं घटीं: रेलवे नीति पर विपक्ष की नाराजगी
कांग्रेस नेता अजय कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेल किराए में हालिया बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे आम लोगों पर सीधा आर्थिक बोझ बताते हुए कहा कि महंगाई से जूझ रही जनता की जेब पर लगातार वार किया जा रहा है। अजय कुमार ने कहा कि सरकार बिना कोई औपचारिक घोषणा किए, सिर्फ सर्कुलर जारी कर किराया बढ़ा रही है, जो पूरी तरह गलत है।
निचले और मध्यम वर्ग पर सीधा असर
अजय कुमार के अनुसार, मोदी सरकार के मौजूदा कार्यकाल में यह दूसरी बार है जब रेल किराया बढ़ाया गया है। उन्होंने दावा किया कि साल 2013 से अब तक रेल किराए में कुल 107 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज एसी टू-टियर का किराया कई रूट्स पर हवाई किराए के बराबर पहुंच गया है, जिससे आम आदमी के लिए ट्रेन से यात्रा करना भी मुश्किल होता जा रहा है।
“रील मंत्री” पर निशाना
कांग्रेस नेता ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर भी तंज कसते हुए उन्हें “रील मंत्री” कहा। अजय कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार किराया बढ़ोतरी को बेहद चालाकी से पेश करती है। उनका कहना था कि भले ही सरकार यह कहे कि प्रति किलोमीटर सिर्फ 1 या 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन इसका सीधा असर यात्रियों पर 100 से 200 रुपये तक के अतिरिक्त खर्च के रूप में पड़ता है।
सुविधाएं घटीं, खर्च बढ़ा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय कुमार ने रेलवे की सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ट्रेनें लगातार लेट हो रही हैं, स्टेशन पर सुविधाएं महंगी होती जा रही हैं और यात्रियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के समय सीनियर सिटीज़न को रेलवे में करीब 8,600 करोड़ रुपये की छूट दी जाती थी, जिसे मौजूदा सरकार ने खत्म कर दिया है।
थाली और पार्किंग भी महंगी
अजय कुमार ने रेलवे में खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि जो रेल थाली 2014 में 30 रुपये में मिलती थी, वह अब 120 रुपये की हो चुकी है। इसके अलावा स्टेशनों पर कार पार्किंग के दाम भी बेतहाशा बढ़ गए हैं, जहां 30 मिनट के बाद 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
भीड़ और अव्यवस्था का आरोप
उन्होंने फरवरी में रेलवे स्टेशनों पर हुई भगदड़ का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने जनरल क्लास के सिर्फ 17 डिब्बे लगाए, जिनकी क्षमता करीब 1,700 यात्रियों की थी, जबकि टिकट 9,600 बेचे गए। अजय कुमार के मुताबिक, यही अव्यवस्था हादसों की वजह बनती है।
जनता पर बढ़ता बोझ
कांग्रेस नेता ने कहा कि रेल किराया बढ़ोतरी से सरकार को भले ही 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फायदा होने की बात कही जा रही हो, लेकिन इसका असली बोझ आम जनता उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने लोगों के लिए ट्रेन से सफर करना भी धीरे-धीरे मुश्किल बना दिया है।
