मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनमें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत पात्र परिवारों को कैशलेस इलाज, ‘सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से घर बैठे सरकारी सेवाएं, मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता तथा अन्य सामाजिक और विकास योजनाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों तक सरकारी सुविधाओं को सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
हरपाल चीमा ने सरकार के काम गिनाए
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि आम लोगों की आवाज यह बता रही है कि मान सरकार ने अपने चुनावी वादों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें जमीन पर लागू किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच रहा है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया है।
‘जनता का भरोसा सरकार की सबसे बड़ी ताकत’
हरपाल चीमा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि हर योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करना है। उनके अनुसार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार और नागरिक सेवाओं से जुड़ी योजनाओं का असर अब लोगों तक दिखाई देने लगा है। उन्होंने दावा किया कि आम नागरिकों का बढ़ता विश्वास इस बात का संकेत है कि सरकार के कामों को जनता का समर्थन मिल रहा है।
‘एक और मौका देने की बात कर रहे लोग’
वित्त मंत्री ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मिल रही प्रतिक्रिया के अनुसार, समाज के अलग-अलग वर्गों के नागरिक मान सरकार के कार्यों से संतुष्ट हैं। उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि कई लोग सरकार को सेवा करने का एक और अवसर देने की बात कर रहे हैं। उनके अनुसार, सरकार आगे भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देकर लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने का प्रयास जारी रखेगी।
