पंजाब में बाढ़ की स्थिति दिन-प्रतिदिन और गंभीर होती जा रही है। माजहा और दोआबा क्षेत्र में भारी बारिश और उफान मारती नदियों के कारण हालात बिगड़ चुके हैं। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 अगस्त से 1 सितंबर तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है।
होशियारपुर में सबसे ज्यादा जानें गईं
सबसे गंभीर स्थिति होशियारपुर जिले में रही, जहां 7 लोगों की जान चली गई। इनमें 4 लोगों की मौत मकान की छत गिरने से हुई, जबकि 3 लोग बाढ़ के पानी में डूब गए। इस त्रासदी पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
जिलोंवार मौतों का आंकड़ा
सरकार के मुताबिक, बाढ़ से अमृतसर और बरनाला में 3-3, बठिंडा और गुरदासपुर में 1-1, लुधियाना में 3, मानसा में 3, पठानकोट में 6, पटियाला में 1, रूपनगर में 3, एस.ए.एस. नगर में 1 और संगरूर में 1 व्यक्ति की जान गई है। वहीं, पठानकोट में 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
12 जिलों के 1044 गांव प्रभावित
इस समय पंजाब के 12 जिले बाढ़ की मार झेल रहे हैं। इनमें अमृतसर, बरनाला, फाजिल्का, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, मानसा, मोगा, पठानकोट और एस.ए.एस. नगर शामिल हैं। बाढ़ ने अब तक 1044 गांवों को बुरी तरह प्रभावित किया है। अकेले गुरदासपुर जिले में 321 गांव जलमग्न हो चुके हैं, जबकि कपूरथला के 115 और होशियारपुर के 94 गांव भी बाढ़ से बेहाल हैं।
मालवा क्षेत्र में घग्गर से खतरा
माजहा और दोआबा के बाद अब मालवा इलाके में घग्गर नदी ने खतरे की घंटी बजा दी है। शिमला और शिवालिक पहाड़ियों में लगातार बारिश से घग्गर में पानी का बहाव तेज हो गया है। सोमवार को इसमें 26 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी पहुंच गया, जिससे नदी का स्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है।
सु्खना झील और लगातार बारिश ने बढ़ाया दबाव
चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में हो रही मूसलधार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। सुखना झील के फ्लड गेट तीसरी बार खोले गए, जिससे घग्गर का जलस्तर और बढ़ गया है। नतीजतन, नदी के किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है।
घग्गर किनारे हालात नाजुक
पटियाला जिले के लाछड़ू कलां गांव में स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। नदी के कमजोर किनारों को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने 300 से अधिक मिट्टी से भरी बोरियां मौके पर भिजवाई हैं। वहीं, पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर रामनगर बैरियर के पास घग्गर का पानी खतरे के निशान से सिर्फ 3 इंच नीचे बह रहा है।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
हालात को देखते हुए पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है।
