पंजाब में हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जालंधर और गुरदासपुर ज़िलों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने राहत और रोकथाम कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। डॉ. अग्रवाल वर्तमान में गुरदासपुर का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं।
नुकसान का शीघ्र आकलन करने के निर्देश
डीसी ने बैठक में राजस्व अधिकारियों को कहा कि बाढ़ और बारिश से हुए घरों, फसलों और पशुधन के नुकसान का आकलन तेजी से पूरा किया जाए। इसके लिए सभी एसडीएम को विशेष गिरदावरी करने और राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीमें बनाकर प्रभावित किसानों के मुआवज़े के मामलों को जल्द तैयार करने को कहा गया।
बीमारियों की रोकथाम पर फोकस
स्वास्थ्य विभाग, जल आपूर्ति और नगर निगम को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए ताकि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों को रोका जा सके। डीसी ने विशेष रूप से हैजा और डायरिया के मामलों में दूषित स्रोतों की तुरंत पहचान करने और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर ज़ोर दिया।
डेंगू-मलेरिया से बचाव की तैयारी
बैठक में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्कूलों, बाज़ारों और संवेदनशील इलाकों में बड़े स्तर पर फॉगिंग और स्प्रे कराया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमों को मिलकर काम करने की हिदायत दी गई।
सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत पर जोर
डीसी ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, मंडी बोर्ड और एनएचएआई को निर्देश दिया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे की मरम्मत का काम तेज़ किया जाए। सीवरेज बोर्ड को विशेष रूप से टूटी सड़कों की मरम्मत जल्द कराने को कहा गया।
असुरक्षित इमारतों में न लगें कक्षाएं
शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी असुरक्षित भवन या क्षतिग्रस्त कमरे में छात्रों की कक्षाएं न लगाई जाएं। सुरक्षा से समझौता न करते हुए वैकल्पिक इंतज़ाम करने के आदेश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि, एडीसी (अर्बन डिवेलपमेंट) जसबीर सिंह, एडीसी (जनरल) अमनिंदर कौर, जॉइंट कमिश्नर सुमनदीप कौर, आरटीए सचिव बलबीर राज सिंह और सहायक कमिश्नर रोहित जिंदल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। गुरदासपुर ज़िले के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए बैठक से जुड़े।
