पंजाब में अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के करीबी साथी के साथ पुलिस का एनकाउंटर हुआ है। इस मुठभेड़ में कथुनांगल का रहने वाला हरनूर उर्फ नूर मारा गया। यह एनकाउंटर AGTF पुलिस टीम और तरनतारन पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान हुआ।
पुलिस पर की थी फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब टीम ने हरनूर उर्फ नूर को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने खुद को बचाने के लिए पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश को गोली लग गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। एनकाउंटर स्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
फिरौती और टारगेट किलिंग में था शामिल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरनूर उर्फ नूर फिरौती मांगने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य था। वह टारगेट किलिंग जैसी गंभीर वारदातों में भी शामिल रहा है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह हाल ही में मारे गए सरपंच जरमल सिंह और कांग्रेस के एक ब्लॉक प्रेसिडेंट हरमन सेखों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
एक पुलिसकर्मी भी घायल
इस एनकाउंटर के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन ने घायल जवान की बहादुरी की सराहना की है।
जांच जारी, नेटवर्क पर शिकंजा
पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि राज्य में अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
