Punjab Police ने AGTF पंजाब के साथ मिलकर गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपना विशेष अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ लगातार जारी रखा हुआ है। अभियान के 113वें दिन राज्यभर में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। पुलिस ने चिन्हित ठिकानों पर लक्षित कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर दबाव बढ़ाया।
552 छापे, 268 लोग हिरासत में
पंजाब पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान कुल 552 जगहों पर छापे मारे गए। अभियान के तहत 268 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। इसके अलावा 6 उद्घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
हथियार भी हुए बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियों और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
कुल गिरफ्तारियां 28 हजार के पार
पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 28,819 तक पहुंच चुकी है। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैंगस्टरों से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से साझा किया जा सकता है।
