Harpal Singh Cheema ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए BJP पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि BJP शासित राज्यों में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। चीमा ने दिल्ली, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा का नाम लेते हुए कहा कि इन राज्यों में अपराध के मामले ज्यादा सामने आ रहे हैं।
चंडीगढ़ को लेकर भी कही बड़ी बात
हरपाल चीमा ने कहा कि “सिटी ब्यूटीफुल” कहलाने वाला चंडीगढ़ अब अपराध की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP शासन में चंडीगढ़ में दिन-दहाड़े हत्याएं और आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं। उनके मुताबिक, इससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
पंजाब के वित्त मंत्री ने कहा कि BJP अपने शासन वाले राज्यों में कानून-व्यवस्था को संभालने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडागर्दी और अपराध को बढ़ावा देकर समाज में नफरत और डर का माहौल पैदा किया जा रहा है।
लॉरेंस बिश्नोई को लेकर उठाए सवाल
हरपाल चीमा ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेते हुए कहा कि उसे गुजरात की जेल में रखा गया है और BJP सरकार उसे संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में रहते हुए भी बिश्नोई गैंग का नाम लगातार कई घटनाओं में सामने आ रहा है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
