पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 208वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में बड़े स्तर पर छापेमारी की। पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की।
571 जगहों पर हुई रेड
पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान कुल 571 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े या संदिग्ध बताए जा रहे 307 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 2 ऐसे आरोपियों को भी पकड़ा गया, जिन्हें कानून की प्रक्रिया के तहत घोषित अपराधी यानी Proclaimed Offender बताया गया है।
एक हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने एक हथियार भी बरामद किया। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करना, उनकी गतिविधियों पर रोक लगाना और आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करना है।
कुल गिरफ्तारियां 61,346 पहुंचीं
पंजाब पुलिस के अनुसार, ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 61,346 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस राज्य के अलग-अलग हिस्सों में संदिग्ध ठिकानों और गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रख रही है।
गुप्त सूचना के लिए हेल्पलाइन
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की है। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखने की बात कही गई है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है।
