पंजाब पुलिस ने राज्य में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान के 191वें दिन बड़े स्तर पर छापेमारी की। पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर पूरे राज्य में पहले से चिन्हित और निगरानी में रखे गए ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। इस अभियान का उद्देश्य गैंगस्टरों के नेटवर्क को कमजोर करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
611 जगह छापेमारी, 310 आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 611 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 310 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 5 घोषित भगोड़ों (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स) को भी पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 12 हथियार भी बरामद किए, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका है।
अभियान में अब तक 54,514 गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस के अनुसार, ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 54,514 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। लगातार हो रही कार्रवाई के कारण कई गैंगस्टर नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है और अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन
पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर, हथियार या आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो बिना अपनी पहचान बताए एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
