Punjab Police ने AGTF पंजाब के साथ मिलकर गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपना विशेष अभियान ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ लगातार जारी रखा हुआ है। अभियान के 117वें दिन राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर छापेमारी कर गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों पर दबाव बढ़ाया।
573 छापे, 279 लोग हिरासत में
पंजाब पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत राज्यभर में कुल 573 जगहों पर छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान 279 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। इसके अलावा 8 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
हथियार भी किए बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 3 हथियार भी बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य पंजाब में डर और अपराध के नेटवर्क को खत्म करना है।
कुल गिरफ्तारियां 29,979 तक पहुंचीं
पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्ट्रां ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 29,979 तक पहुंच चुकी है। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैंगस्टरों और अपराधियों से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से साझा करें।
