Punjab Police ने गुरदासपुर में हुए हैंड ग्रेनेड मामले को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह मामला 27 अप्रैल 2026 को गीता भवन रोड, गुरदासपुर के पास हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद सामने आया था।
CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग
पुलिस ने तकनीकी इनपुट, CCTV फुटेज और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर तेजी से जांच शुरू की। जांच के दौरान उन आरोपियों की पहचान की गई, जिन्होंने दुकान के पास हैंड ग्रेनेड फेंका था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के घर से मिला दूसरा ग्रेनेड
पूछताछ और तलाशी के दौरान एक आरोपी के घर से दूसरा हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और उसी के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों हथगोले भी विदेशी हैंडलर द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे।
UAPA के तहत दर्ज हुई FIR
मामले में गुरदासपुर के सिटी थाना में UAPA और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब विदेशी हैंडलर्स और स्थानीय नेटवर्क के बीच संबंधों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
