पंजाब विधानसभा में सिंचाई मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने एक अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से गांव टिवाणा में घग्गर नदी के कारण बड़ी मुश्किलें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि साल 2023 में टिवाणा गांव में भारी पानी भर गया था। उस वक्त करीब 8 से 10 फीट तक पानी भरने के कारण खेतों की मिट्टी बह गई थी और कई एकड़ फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई थीं।
मंत्री गोयल ने आगे बताया कि हाल ही में, 29 जून 2025 को फिर से घग्गर नदी में भारी मात्रा में पानी आ गया, लेकिन इस बार विभाग पहले से सतर्क था। विभाग ने पुराना बंध काफी मजबूती से तैयार कर लिया था और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए। इससे इस बार नुकसान को काफी हद तक टाला जा सका।
गोयल ने कहा कि 2023 में घग्गर नदी से जो तबाही हुई थी, वैसी पहले कभी नहीं देखी गई। उन्होंने घग्गर को पंजाब की सबसे ज्यादा तबाही मचाने वाली नदी बताया और कहा कि इसमें न केवल पंजाब, बल्कि हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की नदियों का पानी भी आता है। जब ये पानी एक साथ घग्गर में आता है तो हालात बेकाबू हो जाते हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकार ने फैसला लिया है कि घग्गर नदी को चौड़ा किया जाएगा ताकि पानी का बहाव तेज हो और वह इकट्ठा न हो सके। गोयल ने बताया कि यह काम तुरंत शुरू कर दिया जाएगा, और कल से इसकी प्रक्रिया चालू हो जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस कदम से आने वाले समय में घग्गर नदी के कारण होने वाली तबाही को काफी हद तक रोका जा सकेगा और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह फैसला गांववासियों के लिए राहत की खबर है।
