पंजाब की सियासत में आज एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। बठिंडा के बुरज अकाली फूला सिंह गांव में शिरोमणि अकाली दल (बागी) का अहम चुनावी अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी की नई नेतृत्व टीम का ऐलान किया गया।
इस अधिवेशन में शिरोमणि अकाली दल (बागी) के नए अध्यक्ष के तौर पर श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार गियानी हरप्रीत सिंह को चुना गया। पिछले कुछ दिनों से उनके नाम को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन पर आज विराम लग गया। सर्वसम्मति से उन्हें पार्टी का नया प्रधान चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया की बात करें तो, 18 मार्च को भर्ती कमेटी द्वारा एक सदस्यता अभियान चलाया गया था, जिसमें करीब 15 लाख लोग पार्टी से जुड़े। इसके बाद प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) का चयन किया गया, जिन्होंने आज अपने मत के ज़रिए नई लीडरशिप को चुना।
इसके अलावा एक और अहम घोषणा की गई – बिबी सतवंत कौर को पंथक काउंसिल की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। इसका मतलब है कि अब पार्टी के दो मजबूत चेहरों – गियानी हरप्रीत सिंह और बिबी सतवंत कौर – के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल (बागी) आगे बढ़ेगा।
इस अधिवेशन में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे, जिनका जोश देखते ही बनता था। मंच से गियानी हरप्रीत सिंह ने अपने पहले भाषण में कहा कि पार्टी पंथक मूल्यों और आम जनता की आवाज़ को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी। शिरोमणि अकाली दल (बागी) में नई लीडरशिप के आगमन के साथ पार्टी को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है। गियानी हरप्रीत सिंह का धार्मिक और सामाजिक अनुभव पार्टी को मज़बूती दे सकता है, वहीं बिबी सतवंत कौर का जुड़ाव पंथक वर्ग से पार्टी की जड़ों को और गहरा कर सकता है।
