त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही सर्राफा बाजार में फिर तेजी देखने को मिल रही है। करवा चौथ से पहले सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। घरेलू बाजार में सोमवार (6 अक्टूबर) को दोनों धातुएं नए ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं। ऐसे में अगर आप त्योहार से पहले गहने खरीदने की सोच रहे हैं, तो आज की दरें जरूर जान लें, क्योंकि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं।
घरेलू बाजार में सोने की चमक बढ़ी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सोने की कीमतों में 1.42 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। सोना अब ₹1,19,790 प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया है। वहीं, चांदी भी तेजी के साथ ₹1,47,568 प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही है।
पिछले कुछ दिनों से सोने और चांदी में लगातार उछाल देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि करवा चौथ और दिवाली जैसे त्योहारों की वजह से मांग में तेजी आई है, जिसका सीधा असर बाजार पर पड़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उछाल
सिर्फ घरेलू नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतें नए रिकॉर्ड बना रही हैं। COMEX (कामीक्स) पर सोमवार को सोने के फ्यूचर $3,913.50 प्रति औंस पर खुले, जो पिछले बंद स्तर $3,908.90 प्रति औंस से ज्यादा रहे। खबर लिखे जाने तक सोना $3,946.70 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि दिन के दौरान यह $3,951.40 प्रति औंस के उच्च स्तर तक पहुंच गया।
वहीं, चांदी के फ्यूचर $48.06 प्रति औंस पर खुले और कुछ ही देर में $48.31 प्रति औंस तक चढ़ गए। पिछला बंद भाव $47.96 प्रति औंस था।
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?
सोने-चांदी की कीमतों में इस तेजी की वजह वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव को माना जा रहा है। साथ ही, निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की ओर रुख कर रहे हैं। भारत में त्योहारों और शादी के सीजन की शुरुआत से मांग और बढ़ने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर यही रुझान जारी रहा तो आने वाले दिनों में सोने की कीमतें ₹1,21,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमतें ₹1,50,000 प्रति किलोग्राम के स्तर को भी पार कर सकती हैं।
